पूर्व कांग्रेस विधायक संजय शर्मा के ठिकानों पर ED की रेड, फर्जी टोल वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा मामला

नरसिंहपुर। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अलग-अलग टोल प्लाजा पर फर्जी तरीके से की जा रही टोल वसूली को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कार्रवाई की है। प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की धारा-17 के तहत एक साथ 14 स्थानों पर छापेमारी की। प्रवर्तन निदेशालय की टीम फर्जी टोल वसूली मामले में मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, जम्मू, NCR और कोलकाता सहित कई जगहों पर जांच कर रही है।

इस मामले में तेंदूखेड़ा के पूर्व कांग्रेस विधायक संजय शर्मा के नरसिंहपुर स्थित ऑफिस में दिल्ली से आई ED की टीम ने छापा मारा। जानकारी के मुताबिक करीब आधा दर्जन गाड़ियों से आई टीम ने नरसिंहपुर जिले में संजय शर्मा के अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की।बताया जा रहा है कि ED की टीमें तेंदूखेड़ा और देवरी स्थित कार्यालयों में भी पहुंची हैं। अधिकारी कार्यालय के अंदर रखे दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।

टोल में गड़बड़ी का मामला सामने आया

नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा नेशनल हाईवे पर टोल वसूली में गड़बड़ी की जानकारी सामने आने के बाद ED ने कार्रवाई शुरू की। जानकारी के अनुसार इस हाईवे पर टोल वसूली का काम पूर्व कांग्रेस विधायक संजय शर्मा की कंपनी के पास था।

ED ने NHAI के टोल प्लाजा में गलत टोल वसूली और पैसों की हेरफेर को लेकर जांच शुरू की है। जांच के मुताबिक टोल वसूली के लिए अनधिकृत सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर फर्जी रसीदें तैयार की जा रही थीं।

आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए टोल से मिलने वाले पैसे को NHAI के आधिकारिक अकाउंटिंग सिस्टम के बाहर डायवर्ट किया जा रहा था। ED के मुताबिक फॉरेंसिक जांच और NHAI के रिकॉर्ड में अनधिकृत सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है।

कई राज्यों में एक साथ ED के छापे

प्रवर्तन निदेशालय की टीम मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, जम्मू, NCR और कोलकाता सहित कई जगहों पर जांच कर रही है। ED की यह कार्रवाई PMLA की धारा-17 के तहत की जा रही है। जांच का उद्देश्य फर्जी टोल वसूली से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल सबूत जुटाना है। इसके साथ ही एजेंसी इस मामले से जुड़े लोगों का पता लगाने और अवैध तरीके से कमाए गए पैसे के लेनदेन की जांच कर रही है फिलहाल ED इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने के साथ ही इससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *