UP Heavy Rain Update : उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पिछले 48 घंटों से हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है। कई जगह पेड़ गिरने से सड़कें बंद हो गई हैं। नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है। नेपाल से सटे जिलों में खास निगरानी रखी जा रही है।
28 सितंबर को बंद हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अगले 36 घंटों के बाद मौसम में सुधार हो सकता है। कल, यानी 27 सितंबर को तेज बारिश और हवाएं चलने का दौर जारी रहने की संभावना है। 28 सितंबर से बारिश कम होने की उम्मीद है। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और सुरक्षित जगहों पर रहें। मौसम विभाग की सलाह का पालन करें। आपदा की स्थिति में मदद के लिए राहत हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।
63 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में पूरे प्रदेश में सामान्य से 19 गुना ज्यादा बारिश हुई। फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना और कन्नौज, कानपुर देहात व हरदोई में 130 गुना अधिक बारिश दर्ज की गई।
भदोही, देवरिया और अलीगढ़ में सामान्य बारिश हुई, जबकि गाजीपुर में सबसे कम बारिश दर्ज की गई। बागपत, गाजियाबाद, मथुरा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ में बारिश नहीं हुई।
लखनऊ में 3 दिनों से लगातार बारिश से सड़के जाम
शुक्रवार को दिनभर बारिश होने से तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई। लखनऊ में रात का तापमान 22.4 डिग्री और दिन का तापमान 23.5 डिग्री रहा। मौसम ठंडा रहने के कारण कई घरों में एसी बंद रहे। मौसम विभाग के अनुसार, दिन का तापमान सामान्य से 9.7 डिग्री कम दर्ज किया गया।
बारिश के बाद लखनऊ के कई इलाकों में पानी भर गया। नाले और नालियां साफ न होने से सड़कों पर जलभराव हुआ। शाम पांच बजे के बाद तेज बारिश से शहर की जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित हो गई। गोमतीनगर, भूतनाथ, जानकीपुरम, आशियाना और महानगर की सड़कों पर पानी भर गया। कई इलाकों में लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई।
दिन में हल्की बारिश के दौरान पानी निकलता रहा, लेकिन शाम को तेज बारिश के बाद हालात बिगड़ गए। नगर निगम मुख्यालय के सामने भी कुछ देर तक पानी भरा रहा। खबर के मुताबिक, दिनभर नगर निगम की टीम फील्ड में नजर नहीं आई और मुख्यालय में कई अधिकारी मौजूद नहीं थे।
यह भी पढ़े : Gyanesh Kumar ECI Row : बड़ा खुलासा! ज्ञानेश कुमार ने जीजी थॉमसन को दिया था बीजेपी के लिए चुनाव लड़ने का ऑफर




