यूपी। उत्तर भारत में लगातार हो रही जोरदार बारिश के चलते यहां की प्रमुख गंगा-यमुना नदियों का जल स्तर तेजी से बढ़ता ही जा रहा है। जिससे प्रयागराज समेत कई शहरों में बाढ़ आ जाने से हहाकार मच गया। पिछले 48 घंटों से प्रयागराज समेत कई जिलों में गंगा और यमुना का पानी लोगो के घरों में पहुच गया है। जिससे उनकी गृहस्थी तैर रही है। रामबाग रेलवे स्टेशन के तीन ट्रैक भी पानी में डूब गए हैं। जिले में लगातार बारिश के चलते यहां की सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया हैं।

यूपी के 173 गांवों में बारिश-बाढ़ का कहर
जो जानकारी आ रही है उसके तहत उत्तर प्रदेश के 13 जिलों के 173 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। करीब 13,058 हेक्टेयर क्षेत्र और 84,362 लोग बाढ़ की चपेट में आए हैं। प्रशासन ने अब तक 4,800 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। बाढ़ प्रभावित जिलों में बदायूं, बहराइच, बलिया, बाराबंकी, बिजनौर, फर्रुखाबाद, गौतमबुद्ध नगर, गोंडा, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मुजफ्फरनगर, सीतापुर और उन्नाव शामिल हैं।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से 3 लोगों की मौत
मौसम का कहर उत्तराखंड में भी जारी है। यहां के पौड़ी गढ़वाल में लैंडस्लाइड से 3 लोगों की मौत हुई है। राज्य में बारिश-लैंडस्लाइड के कारण 124 सड़कें बंद हैं। पिथौरागढ़ के कुलागाड़ वैली ब्रिज पर चट्टानें गिर जाने से यहां के काली नदी पर बना पुल टूट कर पानी में समा गया। इससे कैलाश मानसरोवर मार्ग बंद हो गया है। उत्तराखंड के 8 जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश और लैंडस्लाइड के कारण 124 सड़कें बंद हैं। जिसमें नेशनल हाईवे और 2 स्टेट हाईवे भी शामिल हैं, वही बिहार के बगहा में गंडक नदी के तेज कटाव से प्राथमिक स्कूल के 5 में से 4 कमरे नदी में बह गए। अब स्कूल का बचा हुआ हिस्सा भी कटाव की जद में है।

जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की है। पूर्वाेत्तर भारत, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, केरल और माहे, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी मध्यम से तेज बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में कल बादल गरजने और बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की है। आंध्र प्रदेश, बिहार, तटीय कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी इसी तरह के मौसम रहने का अनुमान है।




