यूपी। रील बनाने के लिए यूपी के सिद्धार्थनगर में पानी की टंकी पर 16 घंटे से फंसे बच्चों का एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू किया गया। शनिवार को काशीराम आवास कॉलोनी में 5 बच्चे रील बनाने के लिए 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़े थे। उतरते वक्त सीढ़ी टूट गई। 3 बच्चे नीचे गिर गए। इनमें से 1 की मौत हो गई, जबकि 2 की हालत गंभीर है। 2 बच्चे रॉड पकड़कर लट गए। फिर धीरे-धीरे टंकी पर चढ़ गया।
रेस्क्यू में आईं दिक्कतें
टंकी के आसपास दलदल होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आईं। 150 मीटर सड़क बनाने का काम शुरू किया गया। हाइड्रॉलिक क्रेन मंगाई गई, लेकिन दलदल के कारण क्रेन टंकी तक नहीं पहुंच पाई। तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे काम रोकना पड़ा। हालात देखते हुए प्रशासन ने सेना की मदद मांगी। इसके बाद रविवार सुबह एयरफोर्स का हेलिकॉप्टर पहुंचा। दोनों बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया।
गोरखपुर से पहुंचा वायु सेना का हेलीकॉप्टर
पुलिस ने बताया कि सिद्धार्थनगर शहर में कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले पांच लड़के शनिवार को करीब 30 साल पुरानी और जर्जर हो चुकी पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। जब नीचे उतर रहे थे तभी टंकी की सीढ़ी ढह गई, जिससे उनमें से तीन लड़के नीचे गिर गए, जबकि दो अन्य सीढ़ी टूटने की वजह से ऊपर ही फंसे रह गए। पुलिस ने बताया कि टंकी के ऊपर फंसे दो लड़कों को नीचे उतारने के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाने की कोशिश की जा रही थी। बारिश के चलते व्यवधान उत्पन्न हो रहा था। इसके बाद गोरखपुर से वायु सेना का हेलीकॉप्टर मंगवाया गया और हेलीकॉप्टर की मदद से दोनों लड़कों को रविवार सुबह सकुशल नीचे उतारा गया।




