बिजनौर में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- हमें जिन्ना नहीं गन्ना पसंद है

yogi

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बिजनौर में कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

अपने भाषण में सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था, गन्ना किसानों, धार्मिक आयोजनों और बांग्लादेश में हिंदुओं से जुड़े मुद्दों पर भी बात रखी। विपक्ष पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, “ये लोग जिन्ना को पसंद करते हैं, लेकिन हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने गन्ना किसानों के हित में कई फैसले लिए हैं और गन्ने का मूल्य बढ़ाया है। उन्होंने दावा किया कि साल 2017 से पहले प्रदेश में अपराध, माफिया, दंगे और कर्फ्यू की स्थिति थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।

बिजनौर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों में मुख्यमंत्री यहां आने से बचते थे। उन्होंने कहा कि यह कहना गलत था कि बिजनौर मुख्यमंत्री के लिए अपशकुन है, बल्कि समस्या उन लोगों में थी जो यहां की जनता से दूर थे।

उन्होंने बिजनौर के धार्मिक महत्व का भी जिक्र किया और कहा कि यह वही पवित्र भूमि है जहां भगवान श्रीकृष्ण महात्मा विदुर के घर पहुंचे थे। ऐसी जगह पर कौन नहीं आना चाहेगा।

धार्मिक आयोजनों और कानून व्यवस्था पर बोले सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के समय अपराधियों के डर से कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी, रामनवमी और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक कार्यक्रमों पर रोक लगाई जाती थी। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर है और धार्मिक आयोजन बिना डर के हो रहे हैं।

उन्होंने विपक्ष पर जाति की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का नाम लेते हैं, लेकिन उनके काम योगेंद्र नाथ मंडल जैसे हैं। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली राजनीति से लोगों को सावधान रहना चाहिए।

सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य विकास, सुशासन और कानून का राज कायम करना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को अपराध और अराजकता से मुक्त रखना सरकार की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *