विवादों के बीच फिल्म ‘काला हिरण- द बैटल फॉर लेगेसी’ का टीजर रिलीज हो गया है। करीब 1 मिनट 56 सेकंड के इस टीजर में शुरुआत से अंत तक कोर्टरूम ड्रामा देखने को मिलता है। फिल्म में काला हिरण शिकार मामले, पुलिस जांच, गवाहों के बयान और अदालत में होने वाली बहस को दिखाया गया है।
फिल्म को लेकर चर्चा इसलिए भी है क्योंकि इसकी कहानी को साल 1998 के काला हिरण शिकार मामले और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, फिल्म के मेकर्स ने साफ किया है कि यह किसी वास्तविक व्यक्ति या घटना पर आधारित नहीं है।
टीजर में दिखी शिकार केस की कहानी
टीजर की शुरुआत एक्टर गोविंद नामदेव की आवाज से होती है, जो फिल्म में बिश्नोई समाज के वकील की भूमिका निभा रहे हैं। कोर्ट में वह एक गवाह से पूछते हैं कि उस रात आखिर क्या हुआ था।
गवाह बताता है कि रात करीब 11 बजे लगातार दो गोलियों की आवाज सुनाई दी थी और उन्हें शक हुआ कि हिरण का शिकार किया जा रहा है।
टीजर में एक और गवाह नजर आता है, जो कहता है कि यह सिर्फ हिरण को नुकसान पहुंचाने का मामला नहीं था, बल्कि उनके धार्मिक विश्वासों और गुरु जम्भेश्वर के सिद्धांतों से जुड़ा मामला था।
पुलिस जांच और कोर्ट में सवाल-जवाब
टीजर में जंगल के सीन, शिकार के लिए जाती गाड़ी, गोली चलने और गांव वालों के विरोध जैसे दृश्य दिखाए गए हैं। कहानी आगे बढ़ने के साथ कोर्ट में बहस तेज होती नजर आती है।
गोविंद नामदेव का किरदार पुलिस अधिकारियों से सवाल करता है कि क्या किसी बड़े स्टार को बचाने के लिए जांच को प्रभावित करने की कोशिश की गई थी।
वहीं, एक स्थानीय व्यक्ति दावा करता है कि उसे धमकी दी गई थी कि अगर उसने अयान खान के खिलाफ गवाही दी तो उसके परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा।
अयान खान के किरदार पर लगे आरोप
फिल्म में काशिफ इकबाल खान ने अयान खान का किरदार निभाया है, जिसे सलमान खान से प्रेरित बताया जा रहा है। टीजर में अयान खान पर गवाहों को डराने, ड्राइवर को गायब करने और जांच को प्रभावित करने जैसे आरोप लगाए जाते हैं।
एक गवाह अदालत में कहता है कि हिरण को बेहद करीब से गोली मारी गई थी। इन आरोपों के बाद अयान खान अपने वकील से मामला संभालने की बात करता नजर आता है।
टीजर के अंत में अयान खान का एक डायलॉग सुनाई देता है, जिसमें वह अपनी ताकत और पैसे का घमंड दिखाते हुए नजर आता है।
सलमान खान जैसा दिखा किरदार
फिल्म के फर्स्ट लुक में भी अयान खान का लुक सलमान खान से मिलता-जुलता दिखाई दिया था। किरदार को सलमान की तरह ब्रेसलेट पहने हुए भी दिखाया गया है।
वहीं, फिल्म में लॉरेंस बिश्नोई से प्रेरित बताए जा रहे किरदार का नाम लॉयन बिश्नोई रखा गया है। हालांकि मेकर्स लगातार कह रहे हैं कि फिल्म किसी वास्तविक व्यक्ति या घटना पर आधारित नहीं है।




