Sonam Wangchuk Is Not Phunsukh Wangdu: अभिनेता आमिर खान (Aamir Khan) ने पहली बार साफ किया है कि फिल्म ‘3 इडियट्स (3 Idiots)’ का लोकप्रिय किरदार फुनसुख वांगडू (Phunsukh Wangdu) सामाजिक कार्यकर्ता और इंजीनियर सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) पर आधारित नहीं था। उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें वांगचुक के बारे में कोई जानकारी तक नहीं थी।
सोनम वांगचुक की पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर जारी भूख हड़ताल के 20 दिन पूरे होने के बीच सोशल मीडिया पर आमिर खान से उनके समर्थन में सामने आने की मांग की जा रही थी। इसी दौरान आमिर ने इस लंबे समय से चली आ रही धारणा को गलत बताया।
‘उस समय मैं सोनम वांगचुक को जानता भी नहीं था’
16 जुलाई को लंदन के BFI Southbank में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जब एक पत्रकार ने कहा कि ‘3 इडियट्स’ का किरदार सोनम वांगचुक पर आधारित था, तो आमिर ने बीच में ही टोका और कहा,
“असल में इस बात में कोई सच्चाई नहीं है। यह एक गलत धारणा बन गई है। जब हम ‘3 इडियट्स’ की शूटिंग कर रहे थे, तब मुझे सोनम वांगचुक के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।”
ओमी वैद्य के दावे को भी बताया गलत
कुछ दिन पहले फिल्म में चतुर रामलिंगम का किरदार निभाने वाले ओमी वैद्य (Omi Vaidya) ने भी एक वीडियो में कहा था कि फिल्म का मुख्य किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित था।
इस पर आमिर ने कहा,
“मैंने चतुर का वह वीडियो देखा है। लेकिन वह भी गलत हैं। शायद उन्हें ऐसा लगता हो, मगर फिल्म के दोनों लेखक राजू हिरानी और अभिजात जोशी सहित मुझे भी उस समय सोनम वांगचुक के बारे में पता नहीं था।”
वांगचुक के काम की सराहना की
हालांकि आमिर खान ने सोनम वांगचुक के काम की तारीफ करते हुए कहा कि उनका सम्मान किसी फिल्मी किरदार से जुड़ा होना जरूरी नहीं है।
उन्होंने कहा,
“सोनम जो कर रहे हैं, वह किसी भी परिस्थिति में अच्छा काम है। हमारा सम्मान पाने के लिए उनका ‘3 इडियट्स’ के किरदार से जुड़ा होना जरूरी नहीं है।”
आमिर ने यह भी कहा कि उन्हें सोनम वांगचुक की सेहत और जीवन की चिंता है और वे उम्मीद करते हैं कि उनकी भूख हड़ताल जल्द समाप्त होगी।




