सतना शहर के विराट नगर इलाके में गुरुवार रात एक घर में चोर घुसने की सूचना मिलने पर कार्रवाई करने पहुंचे सिविल लाइन थाने के तीन पुलिसकर्मी उस वक्त हादसे का शिकार हो गए जब वे मकान की दूसरी मंजिल के पास से गुजर रही हाइटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए।
लोहे का पाइप छूने से हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मौके पर पहुंचे ये पुलिसकर्मी अपने साथ एक लोहे का पाइप लिए हुए थे, जो अचानक ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन बिजली के तार से छू गया। इस अप्रत्याशित और भीषण हादसे में तीनों पुलिसकर्मी करंट की चपेट में आ गए, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
एक आरक्षक की हालत गंभीर, आईसीयू में जारी है इलाज
इस दुर्घटना में प्रधान आरक्षक विवेक द्विवेदी और एक अन्य आरक्षक को शुरुआती झटके और हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, आरक्षक आनंद सिंह के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं हैं, जिन्हें तुरंत पूजा हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी मनीष त्रिपाठी और थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरक्षक का हालचाल जाना और स्थिति की जानकारी ली।




