मैहर जिले के अमरपाटन तहसील के नादन देहात थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी पार करते समय बाइक पर सवार दो सगे भाइयों समेत तीन लोग पानी के तेज बहाव में बह गए।
लापता लोगों की पहचान 7 वर्षीय विराज कुशवाहा, 5 वर्षीय सार्थक कुशवाहा और उनके 19 वर्षीय मामा अंकुल कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों बच्चे अमरपाटन के भड़री गाँव के रहने वाले थे, जबकि अंकुल खरमसेड़ा का रहने वाला था।
शनिवार रात करीब 10 बजे ये सभी बाइक से जुड़ान गाँव के पास नदी पार करके तेंदुहटी में अपनी बहन के घर जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
नदी पार करते समय अचानक पानी का तेज बहाव आ गया, जिसकी चपेट में आने से तीनों बह गए। घटना के बाद उनकी मोटरसाइकिल नदी किनारे रपटे के पास फंसी हुई मिली।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुँचे। SDRF और NDRF की संयुक्त टीमों ने नदी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद 5 वर्षीय सार्थक कुशवाहा का शव नदी से ढूंढ निकाला है। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीमों को तलाश करने में काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है।
फिलहाल दूसरे बच्चे विराज और उनके मामा अंकुल का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई हैं। इस घटना के बाद से लापता लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।




