भावांतर योजना में सोयाबीन का बढ़ा रेट, मॉडल रेट हुआ 4267 रुपए

भोपाल। भावांतर योजना 2025 के अंतर्गत सोयाबीन विक्रेता किसानों के लिए गुरूवार यानि 20 नवंबर को 4267 रुपए प्रति क्विंटल का मॉडल रेट रहा है। यह मॉडल रेट उन किसानों के लिए है जिन्होंने अपनी सोयाबीन की उपज मंडी प्रांगणों में विक्रय की है। इस मॉडल रेट के आधार पर ही भावांतर की राशि की गणना की जाएगी।

सोयाबीन के बढ़ रहे दाम

सोयाबीन के मॉडल रेट में लगातार वृद्धि जारी है। पहला मॉडल रेट 7 नवंबर को 4020 रुपए प्रति क्विंटल जारी किया गया था। इसी तरह 8 नवंबर को 4033 रुपए, 9 और 10 नवंबर को 4036 रुपए, 11 नवंबर को 4056 रुपए, 12 नवंबर को 4077 रुपए, 13 नवंबर को 4130 रुपए, 14 नवंबर को 4184 रुपए, 15 नवंबर को 4225 रुपए, 16 नवंबर को 4234 रुपए, 17 नवंबर को 4236 रुपए, 18 नवंबर को 4255 रुपए और 19 नवंबर को 4263 रुपए प्रति क्विंटल का मॉडल रेट जारी हुआ था। राज्य सरकार की गारंटी है कि किसानों को हर हाल में सोयाबीन के न्यूनतम समर्थन मूल्य की 5328 रुपए प्रति क्विंटल की राशि मिलेगी।

क्या है भावांतर योजना

भावांतर योजना किसानों को उनकी उपज के लिए उचित मूल्य दिलाने की एक सरकारी योजना है। इस योजना के तहत, यदि किसानों को अपनी फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से कम कीमत पर बेचना पड़ता है, तो सरकार MSP और बाजार मूल्य के बीच के अंतर की राशि का भुगतान करती है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को बाजार मूल्य में गिरावट के कारण होने वाले नुकसान से बचाना और उनकी आय की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *