रीवा शहर में पिछले कुछ दिनों से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटनाओं के बाद अब एक युवती द्वारा खुलेआम अवैध हथियार लहराते हुए सोशल मीडिया पर रील पोस्ट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर एक के बाद एक दो वीडियो पोस्ट किए गए हैं, जिसमें युवती बिना किसी खौफ के अवैध पिस्तौल का प्रदर्शन करते हुए रील बनाती नजर आ रही है। इस घटना के बाद से रीवा की कानून व्यवस्था और पुलिस की मुस्तैदी पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में समान थाना पुलिस ने वीडियो कॉल पर अवैध पिस्तौल दिखाकर धौंस जमाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की थी। इस बड़ी कार्रवाई के बावजूद अपराधियों और सोशल मीडिया पर रील बनाने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि हथियारों का यह खुला प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है।
युवती की यह रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद रीवा पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. गुरुकरण सिंह ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। एसपी ने साइबर सेल और संबंधित थाना पुलिस को पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के हथियारों का प्रदर्शन और भय का माहौल पैदा करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस फिलहाल वीडियो के आधार पर युवती की पहचान और तथ्यों की तस्दीक करने में जुटी है, जिसके बाद दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




