रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम में नामली थाना पुलिस ने बिना नंबर की नई क्रेटा कार से 73 लाख 72 हजार 500 रुपए नकद बरामद किए हैं। शनिवार शाम पंचेड़ फंटे पर पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान पिछली सीट के नीचे रखे यूरिया के बोरे में नोटों की गड्डियां मिलीं। पुलिस ने कार और नकदी जब्त कर युवक को थाने ले गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार में बड़ी मात्रा में नकदी लेकर एक व्यक्ति इलाके से गुजर रहा है। इसके बाद नामली पुलिस ने पंचेड़ फंटे पर चेकिंग शुरू की। शाम करीब 6.30 बजे पुलिस ने बिना नंबर की सफेद क्रेटा को रोका। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे यूरिया का बोरा मिला। इसे खोलने पर उसमें नोटों की गड्डियां मिलीं। इसके बाद पुलिस युवक को कार समेत थाने ले गई।
दो मशीनों से गिने गए नोट
जानकारी के तहत इतनी ज्यादा नोट होने के कारण नोटों की काउंटिग करने के लिए मशीनों का सहारा लेना पड़ा। इसके लिए दो मशीनें मंगवाईं। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में रकम की गिनती की गई। गिनती में 500 रुपए के 135 बंडल, 200 रुपए के 15 बंडल और 100 रुपए के 32 बंडल मिले। इसके अलावा 500 रुपए के 5 नोट अलग से मिले। कुल रकम 73 लाख 72 हजार 500 रुपए निकली।
जमीन बेचकर मिली रकम
पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान मिजान पुत्र रईस खान के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने पहले बताया कि यह रकम जमीन बेचने से मिली है। पुलिस ने जब जमीन की बिक्री और भुगतान से जुड़े दस्तावेज मांगे तो वह डॉक्यूमेंट नहीं दिखा सका। अब पुलिस जमीन की बिक्री, रजिस्ट्री और रकम के लेन-देन से जुड़े डॉक्यूमेंट की जांच कर रही है।
सोना खरीदने आया था रतलाम
युवक की ओर से पहुंचे अधिवक्ता महेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि मिजान जमीन बेचने से मिली रकम लेकर रतलाम में सोना खरीदने आया था। हालांकि, सोने का सौदा नहीं होने पर वह रकम लेकर वापस लौट रहा था। युवक का कहना है कि उसने रतलाम के सराफा बाजार में सोने के भाव की जानकारी ली थी, लेकिन कीमत उचित नहीं लगने पर खरीदारी नहीं की। पुलिस अब उसके इस दावे की भी जांच कर रही है।
कार के मालिक और रूट की भी जांच
पुलिस क्रेटा कार के दस्तावेज और उसके मालिक की जानकारी भी जुटा रही है। पूछताछ में युवक ने बताया कि कार करीब एक महीने पहले खरीदी गई थी और यह उसके रिश्तेदार के नाम पर है। पुलिस कार के रूट और उसकी आवाजाही की भी जांच कर रही है। इसके लिए रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।




