ओरछा में 14 साल बाद बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, प्रदेश और देश के राजनेता समेत 350 प्रतिनिधि शामिल

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक इस बार ओरछा में हो रही है। बैठक रविवार सुबह 10 बजे शुरू हुई। ओरछा में 14 साल बाद हो रही इस बैठक में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई बड़े नेताओं के साथ भाजपा के करीब 350 प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण और 2028-29 के चुनावों की तैयारियों पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बैठक में शामिल होने के लिए चित्रकूट से सीधे ओरछा पहुंचे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत करीब 350 प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हैं। बैठक का आयोजन ओरछा के होटल राजमहल में किया जा रहा है। इसमें प्रदेश कार्यसमिति के 106 सदस्य शामिल हैं। सभी नेताओं और प्रतिनिधियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

रामराजा सरकार की है पवित्र नगरी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी के काम को आगे बढ़ाने के लिए रामराजा सरकार की नगरी ओरछा से पवित्र कोई और स्थान नहीं हो सकता। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ओरछा में भगवान श्रीराम भगवान के साथ राजा के रूप में भी पूजे जाते हैं। उन्होंने कहा कि रामराज्य की स्थापना भाजपा का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि रामराजा सरकार के चरणों में आने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

बैठक के अच्छे होगे परिणाम

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय के लिए नीतिगत फैसलों और पार्टी की कार्यशैली को बेहतर बनाने की दिशा में बैठक से अच्छे परिणाम निकलेंगे।

350 प्रतिनिधि शामिल

बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद हैं। सांसद, मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी समेत करीब 350 प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए हैं।

‘मन की बात’ से शुरू हुआ कार्यक्रम

बैठक की शुरुआत ध्वजारोहण और प्रदर्शनी के साथ हुई। इसके बाद सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया गया। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसके बाद सभी वरिष्ठ नेता रामराजा सरकार के दर्शन के लिए मंदिर जाएंगे। 31 अगस्त को सेवा संकल्प कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें सेवा, सुशासन और संगठन विस्तार पर चर्चा होगी। साथ ही आने वाले राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों की दिशा तय की जाएगी।

बूथ सशक्तिकरण और संगठन विस्तार पर जोर

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और बूथों को मजबूत करने की तैयारियों पर चर्चा होगी। कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को और प्रभावी बनाने पर भी विचार किया जाएगा। बैठक में 2028 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति तय की जाएगी।

नरोत्तम मिश्रा बोले-भाजपा में गुटबाजी और बदलाव की चर्चा काल्पनिक

पूर्व विधायक नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि संगठन में गुटबाजी और बदलाव को लेकर चल रही चर्चाएं काल्पनिक हैं। उन्होंने कहा कि संगठन मजबूती के साथ खड़ा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, नितिन नवीन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में मजबूती से काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *