नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत खारिज, गिरफ्तारी पर 10-10 हजार का इनाम, एसआईटी को तलाश

कटनी। जमीन सौदे और पद के कथित दुरुपयोग के मामले में निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कटनी जिला एवं सत्र न्यायालय के प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने शनिवार को उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट के फैसले के बाद अब पुलिस उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई कर सकती है।

तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम

कुठला थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद से नेहा पच्चीसिया के अलावा क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी फरार हैं। पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। एसआईटी और पुलिस की टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

जमीन सौदे से जुड़ा है मामला

मामला कटनी के कुठला थाना क्षेत्र की एक विवादित जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़ा है। जांच में जमीन की कीमत और रजिस्ट्री में दर्ज रकम के बीच बड़ा अंतर सामने आने की बात कही गई है। आरोप है कि जमीन सौदे में पद का गलत इस्तेमाल किया गया और दबाव बनाकर कम कीमत में रजिस्ट्री कराने की कोशिश की गई। इन्हीं आरोपों के आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

एसआईटी कर रही बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच

मामले की जांच के लिए जबलपुर की एडिशनल एसपी अंजना तिवारी के नेतृत्व में 8 सदस्यीय एसआईटी बनाई गई है। टीम बैंक ट्रांजेक्शन, जमीन से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। पुलिस ने सीएसपी कार्यालय को सीज किया है। वहां मिले दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

हाईकोर्ट जा सकती हैं नेहा पच्चीसिया

जिला अदालत से अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद नेहा पच्चीसिया के पास अब राहत के लिए मध्यप्रदेश हाईकोर्ट जाने का विकल्प है, फिलहाल पुलिस और एसआईटी तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *