मैहर में जंगली हाथी का आतंक, शहरी क्षेत्र में पहुंचा हाथी, कॉलर आईडी से रखी जा रही है नजर

Rampage by a wild elephant in Maihar

मैहर: जिले के अमरपाटन रेंज की रामनगर सर्किल में पिछले 22 दिनों से वन विभाग की निगरानी में चल रहा जंगली हाथी (ई-5 सी4) रविवार रात करीब 10:30 बजे गोरसरी पहाड़ी से उतरकर सीधे रामनगर के शहरी क्षेत्र में पहुंच गया। हाथी के शहरी इलाके में आने से वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, और कुछ लोग उसे खदेड़ने की कोशिश करने लगे। सूचना मिलते ही अमरपाटन रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

हाथी की मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से गोरसरी क्षेत्र के 11 केवी रामनगर फीडर से बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उसे खदेड़ने से बचने की सख्त समझाइश दी। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम कॉलर आईडी के जरिए लगातार हाथी की गतिविधियों और लोकेशन पर नजर रख रही है। सटीक लोकेशन मिलने के बाद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम और पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।

रेंजर के मुताबिक, वन विभाग की टीमें हाथी की सुरक्षित मूवमेंट सुनिश्चित करने में जुटी हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 23 सितंबर को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम ने गोरसरी पहाड़ी पर हाथी को रेस्क्यू करने के लिए एक बड़ा ऑपरेशन चलाया था, जिसमें छह कुमकी हाथियों सहित करीब 150 लोगों की टीम शामिल थी, लेकिन भारी बारिश के कारण उस समय ऑपरेशन रोकना पड़ा था। रविवार को मौसम साफ होने के बाद हाथी पहाड़ी से उतरकर शहरी क्षेत्र की ओर आ गया, और वन विभाग की टीमें अब उसे सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर ले जाने के लगातार प्रयास कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *