शिलांग। चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को कोर्ट से जमानत मिल गई है। कई महीनों से जेल में बंद सोनम को चौथी जमानत याचिका पर राहत मिली, जबकि इससे पहले उसकी तीन जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी थीं। इस फैसले से पीड़ित परिवार को झटका लगा है। इस मामले में अन्य आरोपियों लोकेंद्र सिंह तोमर, बलबीर अहिरवार और शिलॉम जेम्स को पहले ही जमानत मिल चुकी है। हालांकि कथित सहयोगी राज रघुवंशी अब भी न्यायिक हिरासत में है।
कोर्ट ने जमानत देते हुए शर्त रखी है
शिलांग की कोर्ट ने सोनम रघुवंशी को जमानत देते हुए कुछ कड़ी शर्त भी रखी है कि सोनम जमानत में शिलांग छोड़कर नहीं जा सकती। सोनम को हर रोज थाने में जाकर हाजिरी लगानी होगी। बीते साल 9 जून को सोनम रघुवंशी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से हिरासत में लिया था। अब इस मामले में आगे की सुनवाई और ट्रायल पर सभी की नजरें टिकी हैं, जहां अंतिम सच्चाई सामने आएगी।
राजा और सोनम शादी के बाद हनीमून के लिए शिलांग आए थे
राजा रघुवंशी मध्य प्रदेश के इंदौर का रहने वाला व्यवसायी था। राजा और सोनम शादी के बाद हनीमून के लिए 21 मई को शिलांग आए थे। इसके बाद 26 मई को दंपति के लापता होने की सूचना मिली थी। राजा रघुवंशी का शव 2 जून को एक गहरी खाई से बरामद किया गया था। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ था कि राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम का राज कुशवाहा नाम के युवक के साथ संबंध था। दोनों ने साथ मिलकर हनीमून के बहाने राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी।




