रीवा में NEET परीक्षा की तैयारियां तेज, कलेक्टर और SP ने संभाली कमान, टीआरएस कॉलेज का किया निरीक्षण

Preparations for the NEET exam intensify in Rewa.

रीवा। चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को सुचारू, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रीवा जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। आगामी 21 जून को होने वाली इस महापरीक्षा को लेकर प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक (SP) गुरूकरण सिंह ने संयुक्त रूप से स्थानीय ठाकुर रणमत सिंह (टीआरएस) कॉलेज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

सुरक्षा और बैठक व्यवस्था की हुई बारीकी से जांच

निरीक्षण के दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, स्ट्रॉन्ग रूम और सुरक्षा मानकों का बारीकी से अवलोकन किया। इस मौके पर टीआरएस कॉलेज की प्राचार्य अर्पिता अवस्थी ने कलेक्टर और एसपी को परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियों, छात्र-छात्राओं की बैठक व्यवस्था और परीक्षा के कड़े नियमों के पालन को लेकर की गई प्लानिंग की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

13 केंद्रों पर 5 हजार से अधिक परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष नीट परीक्षा के सफल आयोजन के लिए रीवा जिले में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर पांच हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होकर अपना भाग्य आजमाएंगे। इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन द्वारा न केवल केंद्रों के भीतर बल्कि बाहर भी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और निष्पक्षता के कड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति या गड़बड़ी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *