रीवा। जिले में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से त्रस्त ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। बार-बार की शिकायतों के बावजूद बिजली व्यवस्था में कोई सुधार न होने से नाराज ग्रामीणों ने देर रात नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण हाईवे पर करीब 4 घंटे से अधिक समय तक चक्का पूरी तरह जाम रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, समान और रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रतहरा बायपास से लेकर रायपुर कर्चुलियान सीमा तक कई गांवों के ग्रामीण देर रात करीब 12 बजे सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली कंपनी और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हाईवे पर जगह-जगह जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि इस भीषण गर्मी और उमस में घंटों बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों का जीना मुहाल हो गया है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी उनकी सुध नहीं ले रहे हैं।
हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतारें, यात्री परेशान
रात के समय अचानक हुए इस चक्काजाम के कारण नेशनल हाईवे के दोनों ओर वाहनों का चक्का थम गया। देखते ही देखते ट्रक, बस और कारों समेत सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। रात के सफर पर निकले यात्रियों, महिलाओं और बच्चों को उमस भरी गर्मी में घंटों गाड़ियों में ही फंसे रहना पड़ा, जिससे उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
समझाइश के बाद खुला जाम, पुलिस-प्रशासन ने ली राहत की सांस
हाईवे जाम होने और हंगामे की सूचना मिलते ही समान और रायपुर कर्चुलियान थाने की पुलिस सहित प्रशासनिक अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग पर अड़े रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों और बिजली विभाग के जिम्मेदारों द्वारा जल्द से जल्द अघोषित कटौती की समस्या का समाधान करने के ठोस आश्वासन के बाद, करीब 4 घंटे बाद ग्रामीण सड़क से हटने को तैयार हुए। तड़के सुबह जब जाम खुला, तब जाकर पुलिस ने धीरे-धीरे रेंग रहे वाहनों को आगे बढ़ाया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया।




