संसद से सड़क तक NEET पेपर लीक पर बवाल, राहुल-प्रियंका पीएम आवास के पास धरने पर बैठे

Congress Protest Against NEET Paper Leak: NEET UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर संसद से लेकर सड़क तक सियासी घमासान तेज हो गया है। मंगलवार को संसद में विपक्ष के हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही बुधवार तक स्थगित कर दी गई। विपक्ष लगातार इस मुद्दे पर चर्चा और कार्रवाई की मांग कर रहा है।

सदन के बाहर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने आरोप लगाया कि विपक्ष को संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा है। वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने लोकसभा स्पीकर से मुलाकात कर NEET पेपर लीक पर चर्चा कराने की मांग रखी। कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल और सैयद नासिर हुसैन ने भी राज्यसभा में नियम 267 के तहत तत्काल चर्चा का नोटिस दिया। दूसरी ओर NDA संसदीय दल की बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijuju) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने भरोसा दिलाया है कि पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

इसी बीच कांग्रेस ने अपना विरोध और तेज कर दिया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई वरिष्ठ नेता प्रधानमंत्री आवास के पास धरने पर बैठ गए। कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई कांग्रेस सांसदों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि यह प्रदर्शन पूरी तरह गोपनीय रखा गया था और राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं के प्रधानमंत्री आवास के करीब पहुंचने के बाद ही मीडिया को इसकी जानकारी दी गई। उधर, जंतर-मंतर पर भी पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन जारी है, जहां बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *