रीवा : नशे की हालत में मिले प्रभारी प्राचार्य सस्पेंड, कलेक्टर के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप

Acting Principal found intoxicated in Rewa suspended

रीवा जिले के महसांव शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य पर गाज गिर गई है। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के औचक निरीक्षण के दौरान उनके शराब के नशे में होने का मामला सामने आया, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर शनिवार को गुढ़ में आयोजित जन विश्वास शिविर में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्होंने महसांव के सरकारी स्कूल का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल में पढ़ाई और व्यवस्थाओं से जुड़ी कई गंभीर खामियां पाई गईं। कक्षा 11वीं और 12वीं की जीव विज्ञान तथा कक्षा 6वीं की हिंदी विषय की किताबें अब तक छात्रों को नहीं बंटी थीं, वहीं 9 विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति की ई-केवाईसी भी लंबित मिली। जब कलेक्टर ने इन व्यवस्थाओं को लेकर प्रभारी प्राचार्य से जवाब तलब किया, तो वे कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दे सके और इसी दौरान उनके शराब के नशे में होने की बात सामने आई।

निरीक्षण में स्कूल परिसर और पुराने भवन के पीछे जलभराव तथा मुख्य भवन के पास साल 2019 से निर्माणाधीन शौचालय का अधूरा पाया जाना भी बड़ी लापरवाही को उजागर करता है। कलेक्टर ने पानी की निकासी के लिए जनपद पंचायत सीईओ को तुरंत अस्थायी व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं, जबकि बारिश के बाद स्थायी पुलिया बनाने की बात कही गई है। स्कूल निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने ग्राम पतौता और पुरास के ग्रामीणों से जनसंवाद भी किया तथा फोरलेन निर्माण के कारण विस्थापित हुए परिवारों को आवासीय पट्टे देने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *