शारदीय नवरात्रि के पहले दिन रविवार को पूरे रीवा शहर में आध्यात्मिक और भक्तिमय माहौल नजर आया। सुबह से ही शहर के प्राचीन और प्रसिद्ध रानी तालाब स्थित मां कालिका मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लग गया। माता के दर्शन के लिए सुबह 4 बजे से ही भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं और मंदिर के पट सुबह साढ़े 3 बजे ही खोल दिए गए थे। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर और आसपास पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।
रानी तालाब स्थित मां कालिका मंदिर को श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है, जहां पहुंचकर भक्त माता के चरणों में शीश नवाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। रानी तालाब के अलावा शहर के अन्य प्रमुख देवी मंदिरों में भी सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे शहर में उत्सव जैसा उत्साह बना हुआ है। शहर के विभिन्न मोहल्लों और गली-मोहल्लों में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं और पंडालों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो चुका है।
इसके साथ ही घरों में भी श्रद्धालुओं द्वारा घटस्थापना कर मां दुर्गा की नौ दिवसीय आराधना का शुभारंभ किया गया है। धार्मिक आयोजनों और गूंजते माता के जयकारों से पूरा शहर भक्ति और शक्ति की उपासना में लीन दिखाई दे रहा है।




