दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने 100 स्पेशल ट्रेन सेवाएं संचालित करने की तैयारी की है, जिससे प्रमुख रेल मार्गों पर यात्रियों को सुगम और अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
इसी कड़ी में रीवा-रानी कमलापति साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन 17, 24 अक्टूबर तथा 7 और 14 नवंबर को रीवा से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर रवाना होकर रात 9 बजकर 15 मिनट पर रानी कमलापति पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन रात 10 बजकर 15 मिनट पर चलकर अगले दिन सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर रीवा लौटेगी।
वहीं दूसरी ओर, रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर पूजा स्पेशल ट्रेन शनिवार को रात 10 बजकर 50 मिनट पर रीवा से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 3 बजकर 5 मिनट पर अपने गंतव्य पहुंचेगी। वापसी में यह गाड़ी रविवार को रात 9 बजकर 20 मिनट पर चलकर अगले दिन दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर रीवा वापस आएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जा रही इन दोनों ट्रेनों में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।




