फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फ्रांस का सफर सेमीफाइनल में ही थम गया। स्पेन ने शानदार खेल दिखाते हुए फ्रांस को 2-0 से हराया और फाइनल का टिकट पक्का कर लिया। इस हार के बाद फ्रांस के प्रशंसकों में भारी निराशा देखने को मिली। पेरिस की कई सड़कों पर गुस्साए समर्थकों ने हंगामा किया और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। इसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
मैच में फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे से टीम को बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन वह स्पेन की मजबूत डिफेंस लाइन को नहीं तोड़ सके। उनके पास गोल करने के तीन अच्छे मौके आए, लेकिन वे किसी को भी गोल में नहीं बदल पाए। दूसरी ओर स्पेन ने तीन बार गेंद को गोलपोस्ट तक पहुंचाया। हालांकि, उनमें से एक गोल ऑफसाइड होने की वजह से रद्द कर दिया गया, लेकिन दो गोल टीम की जीत के लिए काफी रहे।
फ्रांस की हार के बाद पेरिस में माहौल तनावपूर्ण हो गया। वायरल वीडियो में कई जगह सड़कों पर आग लगी हुई दिखाई दे रही है, जबकि लोग इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए कार्रवाई की और लोगों को तितर-बितर करने के लिए हवा में फायरिंग भी की।
दिलचस्प बात यह है कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कुछ घंटे पहले सैन्य परेड के दौरान लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। लेकिन जैसे ही फ्रांस टूर्नामेंट से बाहर हुआ, कई जगह समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा।
स्पेन का डिफेंस पूरे टूर्नामेंट में बेहद मजबूत रहा है। अब तक स्पेन के खिलाफ सिर्फ बेल्जियम ही गोल करने में सफल रहा है। फ्रांस जैसी मजबूत टीम भी स्पेन के खिलाफ अपना खाता नहीं खोल सकी और उसे बिना गोल किए टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।




