रीवा: जिले के बिछिया थाना क्षेत्र के बदरांव वार्ड-43 में एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिवार के सभी सदस्य 6 अक्टूबर को मनकुआं गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। जब वे 10 अक्टूबर की सुबह घर लौटे, तो मुख्य गेट और कमरों के ताले टूटे मिले और घर के अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ था।
जांच करने पर घर से करीब 10 लाख रुपए के सोने के आभूषण, 5 लाख रुपए की चांदी, 50 हजार रुपए नकद और जमीन की रजिस्ट्री समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब मिले। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में बिछिया थाने में शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
परिवार ने घर के बगल में स्थित एक खाली प्लॉट में बने कमरे को लेकर संदेह जताया है। उनका कहना है कि वहां कुछ लोग रात में बैठकर नशा करते थे, लेकिन चोरी की घटना के बाद से पिछले 3-4 दिनों से उनका वहां आना-जाना पूरी तरह बंद है। परिवार ने पुलिस से मांग की है कि उन संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जाए। वहीं, बिछिया थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिल गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।




