रीवा में आसमानी बिजली का कहर: खेत में काम कर रही महिला पर गिरी गाज, मौके पर ही दर्दनाक मौत

Woman working in a field struck by lightning in Rewa.

रीवा। जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की असमय और दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत दूबी गढ़वा गांव निवासी सुनीता पटेल शुक्रवार रात अपने खेत में धान की नर्सरी की देखरेख कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और आसमान में काले बादल छा गए। तेज गर्जना और कड़कड़ाहट के साथ चमकी आकाशीय बिजली सीधे खेत में काम कर रही सुनीता पटेल के ऊपर आ गिरी। गाज इतनी जोरदार थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों ने की बचाने की कोशिश, पुलिस जांच में जुटी

घटना के वक्त पास के खेतों में मौजूद अन्य ग्रामीणों ने जैसे ही बिजली गिरती देखी, वे तुरंत सुनीता को बचाने के लिए दौड़ पड़े। हालांकि, जब तक लोग उनके पास पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी।

हादसे की सूचना फौरन स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही गोविंदगढ़ थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा। शनिवार को अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *