रीवा जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के हर्दी तिवरीयान गांव में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ। नदी में नहाने गए दो बच्चे पानी के तेज बहाव में बह गए।
लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था। दोनों बच्चों को तैरना नहीं आता था और गहरे पानी में जाने से वे संभल नहीं पाए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुँची। रात में अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आई, लेकिन रविवार सुबह टीम ने फिर से तलाश शुरू की।
सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम ने 14 वर्षीय प्रकाश सिंह का शव नदी से बरामद कर लिया। इसके कुछ देर बाद दोपहर में दूसरे बच्चे, 13 वर्षीय ऋतिक मिश्रा का शव भी बाहर निकाल लिया गया।
इस घटना के बाद दोनों बच्चों के परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
यह हादसा बारिश के दिनों में उफनती नदियों और जलस्रोतों के पास बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर चेतावनी है।




