सीधी: शराब पीकर स्कूल पहुँचने वाला शिक्षक निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर का बड़ा एक्शन

Teacher suspended for arriving at school drunk in Sidhi.

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। डिहुली नंबर-4 स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक दिनेश प्रसाद कोल को शराब के नशे में स्कूल पहुँचने, परिसर में शराब रखने और गंभीर अनुशासनहीनता के आरोप में कलेक्टर विकास मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक का मुख्यालय जनपद पंचायत सिहावल तय किया गया है।

ग्रामीण ने वीडियो बनाकर उजागर की पोल

यह पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब गाँव के ही एक निवासी गयासुद्दीन अंसारी ने स्कूल पहुँचकर शिक्षक का वीडियो बना लिया। वीडियो में शिक्षक स्कूल के अंदर लेटे हुए पाए गए थे। शुरुआत में तो उन्होंने अपनी खराब तबीयत का बहाना बनाकर नशा करने की बात से इनकार किया, लेकिन बाद में उन्होंने स्वीकार कर लिया कि वे स्कूल में शराब की बोतल लाते हैं और कभी-कभार शराब का सेवन भी करते हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया।

निरीक्षण में खुली लापरवाही की पोल, सह-शिक्षक ने भी खोले राज

जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मामले की प्राथमिक जाँच के दौरान शिक्षक स्कूल में सोते हुए मिले। स्कूल में कुल 28 विद्यार्थी दर्ज थे, लेकिन मौके पर केवल 9 बच्चे ही उपस्थित पाए गए। यही नहीं, बच्चों की पढ़ाई का स्तर भी बेहद निराशाजनक रहा। विद्यालय में पदस्थ सह-शिक्षक अशोक कुमार शर्मा ने भी खुलासा किया कि दिनेश प्रसाद कोल लंबे समय से शराब के नशे में स्कूल आते थे और अक्सर अनुपस्थित रहते थे, जिसकी शिकायत पहले भी अधिकारियों से की गई थी।

प्रशासन की सख्त कार्रवाई

कलेक्टर विकास मिश्रा ने शासकीय सेवा में शराब पीकर आने और अध्यापन कार्य में इतनी गंभीर लापरवाही बरतने को अक्षम्य कदाचार माना। शुक्रवार रात जारी आदेश के तहत शिक्षक को निलंबित कर दिया गया। प्रशासन के इस कड़े रुख से क्षेत्र के शराबी और लापरवाह कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *