सतना में मासूम की संदिग्ध मौत से हड़कंप, मिड-डे मील के बाद पानी पीते ही बिगड़ी हालत

satna school bachche ki maut

Stir due to suspicious death of innocent child in Satna: मध्य प्रदेश के सतना जिले के मझगवां विकासखंड अंतर्गत गोपालपुर शासकीय प्राथमिक विद्यालय में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कक्षा 1 के एक मासूम छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और परिजनों में शोक का माहौल है।

मृतक छात्र उमाकांत विश्वकर्मा ने स्कूल में मिड-डे मील के तहत दाल-चावल का भोजन किया था। इसके बाद उसने हैंडपंप का पानी पिया और अन्य बच्चों के साथ खेलने चला गया। कुछ ही देर में उसकी हालत अचानक बिगड़ने लगी और उसके शरीर व आंखों में सूजन आ गई, जिससे मौके पर मौजूद शिक्षक और बच्चे घबरा गए।

स्थिति गंभीर होते देख शिक्षक ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन बच्चे को इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। एहतियात के तौर पर मिड-डे मील, सूखा राशन और हैंडपंप के पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं, बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में अधिकारियों ने आशंका जताई है कि बच्चे को किसी जहरीले कीड़े ने काटा हो सकता है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *