कूनो में नन्हे चीतों की दहाड़, भारत में जन्मी मादा ने 4 शावकों को दिया जन्म, सीएम ने जताई प्रसन्नता

श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में संचालित कूनो नेशनल पार्क से वान्य जीवों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. भारत में जन्मी मादा चीता ने 4 नए शावकों को जन्म दिया है। नए शावकों के जन्म के साथ ही देश में चीतों की संख्या 56 हो गई है। नए मेहमानों के आने की पुष्टि केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने की है।

कूनो में बढ़ा चीतों का कुनबा

जानकारी के तहत कूनो नेशनल पार्क में वर्तमान में कुल 49 चीते मौजूद हैं. इनमें से 17 चीते खुले वन क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं. खुले वन क्षेत्र में मौजूद चीतों में 10 नर और 7 मादा शामिल हैं. वहीं कूनो में 32 चीते सॉफ्ट रिलीज बाड़ों में रखे गए हैं. इनमें 5 नर और 8 मादा चीता शामिल हैं. इसके अलावा एक साल से कम उम्र के शावक भी इन बाड़ों में मौजूद हैं।

सीएम ने कहा एमपी में वन्य जीवों का संरक्षण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जीवन अपना रास्ता खुद ढूंढ ही लेता है और जीवन की यही प्रकृति इसे और भी अधिक रोमांचक बनाती है। एक वक्त था, जब मध्यप्रदेश में गिनती के चीते हुआ करते थे। आज यहां चीतों की संख्या बढ़कर 56 हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 17 सितंबर 2022 को कूनो राष्ट्रीय उद्यान से शुरू हुई चीता पुनर्स्थापना की ऐतिहासिक यात्रा अब एक नए मुकाम पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि कूनों में बीते दिनों जन्मे चार नन्हें शावक चीता संरक्षण की हमारी यात्रा में आशा, जीवटता और सफलता का सुंदर प्रतीक है। पुनर्स्थापना के चार वर्ष पूर्ण होने के अगले ही दिन शुक्रवार (18 सितम्बर को) भारत में ही जन्मी मादा चीता केजीपी12 ने कूनों में चार नन्हें शावकों को जन्म दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रोजेक्ट चीता के लिये यह ऐतिहासिक और हर्ष का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल देश में चीतों की संख्या बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कूनो का प्राकृतिक वातावरण चीतों के प्रजनन और उनके संरक्षण के लिए अनुकूल बन रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चीता प्रोजेक्ट से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है।

वर्ष 2022 से 2026 तक चीता पुनर्स्थापना का सफल सफर

17 सितंबर 2022 – नामीबिया से 8 चीते कूनो पहुंचे।

फरवरी 2023 – दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते भारत लाए गए।

फरवरी 2026 – बोत्सवाना से 9 चीते भारत लाए गए।

इन पुनर्स्थापना प्रयासों और भारत में हुए प्रजनन के परिणामस्वरूप अब कुल 56 जीवित चीते हैं।

52 से 56 – चीता परिवार में चार नए सदस्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *