रीवा जिले की एडिशनल एसपी भावना मरावी का सोमवार को व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है। अकाउंट हैक करने के बाद शातिर ठग उनके मोबाइल नंबर पर सेव परिचितों और संपर्क के लोगों को मैसेज भेजकर पैसों की डिमांड कर रहा है। मामले की जानकारी सामने आते ही एडिशनल एसपी ने लोगों से अपील की है कि उनके नंबर से यदि पैसे मांगने का कोई संदेश आता है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं और भूलकर भी किसी को रकम न भेजें।
भावना मरावी ने लोगों को आगाह करते हुए कहा है कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश पर भरोसा करने से पहले सीधे फोन कॉल कर उसकी पुष्टि जरूर कर लें। साथ ही, किसी भी अनजान लिंक को क्लिक करने और अपनी बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा करने से बचने की सलाह दी है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने भी आम नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है कि यदि किसी भी परिचित के नंबर से अचानक पैसे की मांग की जाए, तो बिना सोचे-समझे पैसे ट्रांसफर न करें और पूरी सावधानी बरतें।




