MP Board Result 2026: एमपी बोर्ड 10वीं-12वीं रिजल्ट अप्रैल के पहले पखवाड़े में जारी होने की पूरी संभावना है। करीब 16 लाख छात्र-छात्राओं का लंबा इंतजार जल्द खत्म होने वाला है, क्योंकि माध्यमिक शिक्षा मंडल अप्रैल के पहले पखवाड़े में ही 10वीं और 12वीं का परिणाम घोषित कर सकता है। समय पर रिजल्ट आने से छात्रों को कॉलेज एडमिशन और अगली कक्षा की पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
MP Board Result 2026: मध्य प्रदेश बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के बाद अब छात्र-छात्राओं का सबसे बड़ा इंतजार खत्म होने की कगार पर है। माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) जल्द ही करीब 16 लाख परीक्षार्थियों का रिजल्ट घोषित करने वाला है। विभाग की कोशिश है कि 15 अप्रैल 2026 से पहले ही परिणाम जारी कर दिया जाए। सूत्रों के अनुसार संभावित तारीख 7 से 12 अप्रैल के बीच है।
समयबद्ध रिजल्ट पर फोकस
शिक्षा विभाग इस बार रिजल्ट को समय पर जारी करने पर खास ध्यान दे रहा है ताकि छात्रों का अगला शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो। कॉपियों की जांच, डेटा एंट्री और क्रॉस वेरिफिकेशन का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अधिकारियों ने दावा किया है कि इस वर्ष परिणाम पूरी तरह सटीक और त्रुटिरहित रहेगा। हर स्तर पर डबल चेकिंग की जा रही है।
रिकॉर्ड छात्रों ने दी परीक्षा
इस साल 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में रिकॉर्ड संख्या में छात्र शामिल हुए। लगभग 9.07 लाख विद्यार्थियों ने 10वीं की परीक्षा दी, जबकि 7 लाख छात्र-छात्राओं ने 12वीं की परीक्षा में हिस्सा लिया। पूरे प्रदेश में 3856 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां व्यवस्थित तरीके से परीक्षा प्रक्रिया पूरी की गई।
नकल पर सख्ती, फिर भी 100 मामले दर्ज
परीक्षा को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड, सीसीटीवी निगरानी और वीडियोग्राफी जैसी सख्त व्यवस्थाएं लागू की गईं। इसके बावजूद प्रदेशभर में करीब 100 नकल के मामले सामने आए। इनमें मुरैना में सबसे ज्यादा 41 मामले दर्ज हुए, जबकि भोपाल में 20 प्रकरण सामने आए। रिजल्ट जारी करने से पहले बोर्ड हर उत्तर पुस्तिका और डेटा की दोहरी जांच कर रहा है ताकि किसी भी छात्र के परिणाम में त्रुटि न रह जाए।
पास प्रतिशत में उतार-चढ़ाव की उम्मीद
बीते वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो बोर्ड परीक्षाओं का पास प्रतिशत हर साल बदलता रहा है। कभी इसमें गिरावट आई तो कभी सुधार देखने को मिला। ऐसे में इस साल के रिजल्ट को लेकर छात्रों और अभिभावकों में खासी उत्सुकता है। यदि तय समयसीमा में रिजल्ट घोषित हो जाता है, तो छात्रों को कॉलेज एडमिशन और अगली कक्षा की पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। यही वजह है कि शिक्षा विभाग इस बार रिजल्ट जारी करने की पूरी प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर रहा है।




