MP Board Exam: मध्य प्रदेश बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के चयन में उन स्कूलों को प्राथमिकता दी है, जहां सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था उपलब्ध है। इसके लिए बोर्ड ने स्वयं किराए पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बनाई है। ये कैमरे परीक्षा शुरू होने से पहले स्थापित किए जाएंगे और परीक्षा समाप्त होने के बाद हटा लिए जाएंगे।
MP 10th-12th Board Exam: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं 7 फरवरी से शुरू होंगी। नकल रोकने के लिए इस बार माशिमं नया कदम उठा रहा है। पहली बार बोर्ड परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में होंगी। इसके लिए मंडल ने 200 चुनिंदा परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक कक्षा में किराए के सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला किया है। परीक्षा से पहले कैमरे लगाए जाएंगे और परीक्षा समाप्त होने के बाद हटा लिए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार, अब तक उन स्कूलों को प्राथमिकता दी जाती थी, जहां सीसीटीवी की व्यवस्था पहले से हो। लेकिन प्रदेश में ऐसे स्कूलों की संख्या कम होने के कारण माशिमं ने खुद कैमरे लगाने की योजना बनाई है। संवेदनशील और अति-संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी अनिवार्य होगा। जहां कैमरे खराब हैं, वहां उन्हें चालू कराया जाएगा। साथ ही, वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
माशिमं के भोपाल स्थित मुख्यालय में एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां सभी केंद्रों के सीसीटीवी फुटेज लाइव देखे जा सकेंगे। इससे अधिकारी प्रत्येक परीक्षा कक्ष की गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे। इस साल यह व्यवस्था प्रायोगिक तौर पर लागू होगी। यदि यह सफल रही, तो अगले साल से सभी चार हजार परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी लागू की जाएगी। इस साल करीब 18 लाख विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्रों का चयन शुरू
परीक्षा केंद्रों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। माशिमं ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे स्कूलों को प्राथमिकता दी जाए, जहां शौचालय, फर्नीचर, बिजली, पानी, कंप्यूटर और प्रिंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हों। जल्द ही सीसीटीवी लगाने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके बाद लागत का अनुमान स्पष्ट होगा।
