महंगाई पर महिला कांग्रेस उग्र, भोपाल में किया प्रदर्शन

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार के द्वारा पेश किए गए बजट के बाद महिला कांग्रेस महंगाई के खिलाफ सड़क पर उतर आई। भोपाल में महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हे रास्ते में ही रोक दिया। जिससे महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता उग्र हो गई। महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों का आरोप है कि सरकार ने बजट में आम महिलाओं को कोई राहत नहीं दी।

रसोई गैस सिलेंडर लेकर निकली महिला कांग्रेस

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर इकट्ठा हुईं। यहां से वे ठेले पर स्कूटी और रसोई गैस सिलेंडर रखकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन करते हुए मंत्री के बंगले की ओर बढ़ीं। उनका कहना था कि बढ़ती महंगाई ने घर का बजट बिगाड़ दिया है।

बुलाया गया अतिरिक्त पुलिस बल

मंहगाई के विरोध में सड़क पर उतरी महिला कांग्रेस की महिलाएं वित्त मंत्री के आवास की ओर जा रही थी। पुलिस ने उन्हे रेडक्रॉस अस्पताल के पास बैरिकेडिंग कर रोक लिया। जिस पर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी तेज कर दी और आगे बढ़ने लगी। इस दौरान पुलिस और महिलाओं के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की होती रही। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

योजनाओं के प्रचार में लगी सरकार

प्रदर्शन कर रही महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों का कहना है कि इस बजट में महिलाओं के लिए कुछ भी राहत नहीं है। बिजली बिल, खाद्य सामग्री और ईंधन के दामों से लोग परेशान हैं। सरकार केवल योजनाओं के प्रचार में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *