भोपाल में अभ्यर्थियों ने शिवराज का रोका काफिला, बोले- ‘भर्ती आपके समय की, आपको आना होगा

भोपाल। शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने और दूसरी काउंसलिंग शुरू कराने की मांग को लेकर भोपाल में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का काफिला रोक दिया। नीलम पार्क के पास अभ्यर्थियों ने शिवराज को ज्ञापन सौंपा और अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाने की अपील की।

अभ्यर्थियों ने शिवराज से कहा, “यह भर्ती आपके समय की है, आपको आना होगा।” उनका कहना है कि वे लंबे समय से पदवृद्धि और दूसरी काउंसलिंग की मांग कर रहे हैं। कई अभ्यर्थी नीलम पार्क में भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं।

8720 पदों में 2901 पर ही नियुक्ति का दावा

वर्ग-1 चयन परीक्षा 2023 के अभ्यर्थियों के मुताबिक उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती के लिए 8720 पदों का विज्ञापन जारी हुआ था। पहली काउंसलिंग में इनमें से 2901 पदों पर ही नियुक्ति हुई।

अभ्यर्थियों का दावा है कि 5819 पदों पर अभी काउंसलिंग नहीं हुई है। वे इन पदों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल कर दूसरी काउंसलिंग कराने की मांग कर रहे हैं।

तीन साल से आंदोलन का दावा

अभ्यर्थियों का कहना है कि पदवृद्धि और भर्ती से जुड़ी मांगों को लेकर वे करीब तीन साल से आंदोलन कर रहे हैं। वहीं, शिक्षक भर्ती वर्ग-2 और वर्ग-3 के अभ्यर्थी भी पद बढ़ाने की मांग को लेकर भोपाल में प्रदर्शन कर रहे हैं।

हालांकि, स्कूल शिक्षा विभाग का कहना है कि भर्ती का परिणाम घोषित होने के बाद उसी भर्ती में विज्ञापित पदों की संख्या बढ़ाने का प्रावधान नहीं है। विभाग के अनुसार भविष्य में सामने आने वाली रिक्तियों को नई भर्ती में शामिल किया जा सकता है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *