मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, शनिवार को रीवा नगर निगम कार्यालय और इसके सभी जोन कार्यालयों में नेशनल लोक अदालत का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का विधिवत शुभारंभ नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन द्वारा किया गया।
भारी संख्या में नागरिकों ने उठाया छूट का लाभ
शिविर के दौरान दिनभर नागरिकों का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे करदाताओं ने बकाया संपत्तिकर (प्रॉपर्टी टैक्स) और जलकर (वाटर टैक्स) पर दी जा रही विशेष छूट का भरपूर लाभ उठाया। इस पहल से न केवल आम जनता पर वित्तीय बोझ कम हुआ, बल्कि नगर निगम के राजस्व में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
लंबित मामलों का हुआ त्वरित निपटारा
लोक अदालत के माध्यम से नगर निगम के साथ-साथ जिले की अन्य राजस्व एवं सामान्य अदालतों में आपसी समझौते के आधार पर लंबे समय से लंबित पड़े मामलों का त्वरित और सुगम निपटारा किया गया। इस आपसी समझौते से आम जनता को अदालती चक्करों और आर्थिक परेशानियों से बड़ी राहत मिली है।




