रीवा में तेंदूपत्ता तोड़ने गए किसान का अपहरण, परिजन पहुचे एसपी कार्यालय

रीवा। ज़िले के डभौरा से अपहरण का मामला सामने आया है। जहां नगर परिषद डभौरा वार्ड क्रमांक 2 निवासी फूलचंद आरख पिता कैरा आरख 27 मई को तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गए थे, लेकिन अब तक घर नहीं लौटे। सोमवार को रीवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची उनकी बेटी हेमलता आरख ने आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि उनके पिता का अपहरण कर लिया गया है या हत्या कर दी गई है।

इन पर अपहरण का जताया संदेह

किसान के बेटी हेमलता ने अजंद आरख उर्फ शारदा आरख, महेश आरख, गणेश आरख, मुन्नू आरख, शशिकांत आरख, लालजी आरख, निरपत आरख और नीरज उर्फ कल्लू आरख पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि इन लोगों ने 12 मई को खुलेआम धमकी दी थी कि गुलज़ार यादव की तरह मारकर फेंक देंगे, पुलिस कुछ नहीं कर पाएगी। तीन वर्ष पहले इन्हीं आरोपियों ने हेमलता की बुआ निशा आरख पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया था, जिसका प्रकरण न्यायालय में चल रहा है।

मौत ही रास्ता

किसान की बेटी का कहना था कि उसके मां की पहले ही मौत हो चुकी है, अगर पिता का पता नही चल पाया तो तीन बहनों के लिए जीवन संकट में आ जाएगा। पुलिस कुछ नही कर रही है और ऐसे में उन्हे लगता कि अपने सम्मान के लिए उन्हे मौत का रास्ता चुनना पड़ेगा। उन्होने बताया कि डभौरा थाने में 27 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। हेमलता आरख ने पुलिस अधिकारियों से इस मामले में कार्रवाई करके न्याय की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *