सीधी। मध्यप्रदेश के पूर्व शिक्षामंत्री एवं सात बार विधायक रहे इन्द्रजीत पटेल की प्रतिमा स्थापना को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। रविवार देर रात उनके समर्थकों ने प्रस्तावित स्थल पर अचानक प्रतिमा स्थापित कर दी। समर्थकों का कहना है कि वर्ष 2023 में नगर पालिका परिषद को आवेदन दिया गया था और बैठक में प्रस्ताव भी पारित हो चुका था। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के सामने स्थापित की गई प्रतिमा को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
प्रशासन ने उठाया कदम
बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित किए जाने के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए प्रतिमा स्थल के आसपास 100 मीटर क्षेत्र को प्रतिबंधित घोषित कर दिया है। कलेक्टर धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है। जिला कलेक्टर विकास मिश्रा ने जारी आदेश में कहा है कि बिना अनुमति और पूर्व सूचना के प्रतिमा स्थापित किए जाने से कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई है।
प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित
प्रशासन ने प्रतिमा स्थल के चारों ओर 100 मीटर के दायरे को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर दिया है। आदेश के अनुसार इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गतिविधि पर प्रशासन की कड़ी निगरानी रहेगी, ताकि किसी भी संभावित विवाद या अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। इस घटना के बाद शहर में समर्थन और विरोध के स्वर तेज़ हो गए हैं। प्रशासन ने स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रतिमा स्थल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।




