मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस होंगे जस्टिस अल्पेश कोगजे, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश

भोपाल। गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश बन सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 31 अगस्त को हुई बैठक में उन्हें मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त करने की सिफारिश की है। कॉलेजियम की अध्यक्षता CJI सूर्यकांत ने की।

कॉलेजियम की सिफारिश के बाद अब नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। केंद्र सरकार की मंजूरी और संबंधित अधिसूचना जारी होने के बाद जस्टिस कोगजे पदभार संभालेंगे।

राजस्थान और जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट को भी मिलेंगे नए चीफ जस्टिस

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने मध्य प्रदेश के साथ राजस्थान और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के लिए भी नए मुख्य न्यायाधीशों की सिफारिश की है।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जस्टिस संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई है। वहीं राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश हुई है।

अभी गुजरात हाईकोर्ट में जज हैं अल्पेश कोगजे

जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे वर्तमान में गुजरात हाईकोर्ट में जज हैं। उन्होंने अप्रैल 2016 में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदभार संभाला था। मार्च 2018 में उन्हें स्थायी न्यायाधीश बनाया गया।

कैसे काम करता है कॉलेजियम सिस्टम?

कॉलेजियम सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के जजों की नियुक्ति और ट्रांसफर की सिफारिश करने वाली व्यवस्था है। सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम में CJI और चार वरिष्ठतम जज शामिल होते हैं।

कॉलेजियम की सिफारिश केंद्र सरकार को भेजी जाती है। सरकार किसी सिफारिश पर आपत्ति होने पर उसे दोबारा विचार के लिए कॉलेजियम के पास भेज सकती है। अगर कॉलेजियम उसी सिफारिश को दोबारा भेजता है, तो सरकार को उसे स्वीकार करना होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *