सतना में सराफा कारोबारी के सूने घर से 50 लाख के जेवरात और नगदी पार, छत का कांच तोड़कर घुसे चोर

Jewelery and cash worth Rs 50 lakh recovered from the abandoned house of a bullion trader in Satna

सतना। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी की एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक नामी सराफा कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने करीब 50 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। यह पूरी वारदात उस वक्त अंजाम दी गई, जब कारोबारी का पूरा परिवार बाहर घूमने गया हुआ था। घटना के बाद से इलाके के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है।

घूमने गया था परिवार, लौटे तो खुली मिलीं अलमारियां

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राज होम्स गली आस्था कुटी निवासी विपुल जैन रविवार दोपहर करीब 3 बजे अपने परिवार के साथ उचेहरा के इचौल घूमने गए हुए थे। जब परिवार रात करीब 9:30 बजे घर वापस लौटा, तो मुख्य दरवाजा खोलते ही उनके होश उड़ गए। घर के भीतर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और तीन अलग-अलग कमरों की अलमारियां टूटी और खुली हुई थीं।

छत के रास्ते दाखिल हुए चोर, माँ और भाइयों के कमरों में की सेंधमारी

पीड़ित विपुल जैन ने बताया कि चोरों ने घर में घुसने के लिए छत के रास्ते का इस्तेमाल किया। उन्होंने छत पर बने दरवाजे के कांच को कटर या किसी भारी चीज से तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। सबसे पहले उनकी मां के कमरे की अलमारी से सोने का हार सेट, कंगन, चूड़ी और नगदी गायब मिली। इसके बाद जब उन्होंने अपने और बड़े भाई के कमरों की जांच की, तो वहां की अलमारियों के लॉकर भी टूटे हुए थे, जहाँ से सारे कीमती जेवर और कैश गायब थे।

नामी शोरूम के मालिक हैं पीड़ित, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी

विपुल जैन का परिवार शहर का प्रतिष्ठित सराफा व्यवसायी है। पुराना पावर हाउस चौक पर उनका ‘एचबी ज्वेलर्स’ नाम से बड़ा शोरूम है। इतनी बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह सिटी कोतवाली पुलिस की टीम फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुँची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।

पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 (ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज होम्स गली और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *