मध्य प्रदेश के सतना में धवारी तिराहे के पास गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां इंस्टाग्राम पर बने एक दोस्त ने शादी से इनकार करने पर सरेराह महिला पर चाकू से हमला कर दिया।
पीछे से वार कर फरार हुआ आरोपी
पुलिस के अनुसार, पीड़िता जब गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पैदल जा रही थी, तब आरोपी सूरज जाटव एक्टिवा से वहां पहुंचा और पीछे से उसकी कमर के ऊपर चाकू से वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस गंभीर वारदात में घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी मुलाकात, दो साल से बना रहा था दबाव
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है और उसके दो बच्चे हैं। साल 2024 में सागर में एक रिश्तेदार की शादी के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी सूरज जाटव से हुई थी, जिसके बाद दोनों इंस्टाग्राम पर जुड़े थे। आरोपी पिछले दो साल से लगातार उस पर शादी का दबाव बना रहा था और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी देता था।
पुलिस ने एक्टिवा जब्त कर आरोपी को दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज जाटव को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक्टिवा भी जब्त कर ली है और आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच की जा रही है।




