कैब ड्राइवर ने एयरहोस्टेस के साथ किया रेप, टॉयलेट के बहाने ले गया सून सान जगह

rape

हैदराबाद से महिला सुरक्षा को लेकर एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। एक प्राइवेट एयरलाइन की केबिन क्रू मेंबर ने अपनी ही कंपनी की तरफ से मिली कैब के ड्राइवर पर रेप का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

एयरपोर्ट जाने के दौरान बदला रास्ता

यह घटना 20 जुलाई की दोपहर करीब 2:40 बजे की है। पीड़िता शमशाबाद स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (RGIA) पर अपनी ड्यूटी के लिए जा रही थी। इसके लिए एयरलाइन की ओर से भेजी गई कैब उसे लेने पहुंची। सफर के दौरान कैब ड्राइवर ने अचानक तय रास्ता बदल दिया और गाड़ी को एयरपोर्ट के पास ही एक निर्माणाधीन और सुनसान जगह पर ले गया।

बहाना बनाकर किया हमला

सुनसान जगह पहुंचकर ड्राइवर ने टॉयलेट जाने का बहाना बनाया और गाड़ी रोक दी। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा, तो उसने महिला के साथ जबर्दस्ती करते हुए दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी और वह सीधे RGIA पुलिस आउटपोस्ट पहुंची, जहां उसने पूरी आपबीती सुनाते हुए शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी गिरफ्तार और जेल भेजा गया

शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की पहचान रंगारेड्डी जिले के रहने वाले 23 वर्षीय एर्रापोगु प्रशांत कुमार के रूप में की। पुलिस ने 21 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और मेडिकल जांच पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

एयरलाइन को सुरक्षा समीक्षा के निर्देश

पुलिस जांच में सामने आया कि जिस कैब में यह घटना हुई, उसे एयरलाइन ने एक लोकल ट्रांसपोर्ट एजेंसी के जरिए हायर किया था। इस घटना के बाद पुलिस ने एयरलाइन प्रबंधन को अपनी महिला कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने और सिक्योरिटी प्रोटोकॉल की समीक्षा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। वहीं, एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा है कि वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और पीड़िता की हर संभव मदद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *