रीवा: जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और उत्तर प्रदेश के डैमों से पानी छोड़े जाने के कारण त्यौंथर क्षेत्र में बाढ़ के हालात बन गए हैं। बेलन, टोंस और टमस जैसी नदियां उफान पर हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। डीह गांव का पुल डूब जाने के कारण त्यौंथर के कई गांवों का मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट गया है।
हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि रायपुर सनोरी पुलिस चौकी और पावर हाउस परिसर में पानी भर गया है, जिससे वहां तैनात पुलिसकर्मी भी जलभराव के बीच घिर गए हैं। इस स्थिति से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट मोड पर आ गए हैं। संभावित हादसों को रोकने के लिए खतरे वाले स्थानों पर एसडीआरएफ के जवानों की तैनाती कर दी गई है। वहीं, प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर नागरिकों और बच्चों को जलमग्न पुलों, रपटों तथा प्राकृतिक जल स्रोतों के पास जाने से पूरी तरह दूर रहने की सख्त सलाह दी है।




