रीवा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए की गई बैठकों और दावों की पोल मंगलवार को उस समय खुल गई, जब जिले के डीआईजी हेमंत सिंह चौहान खुद जय स्तंभ चौक पर लगे भीषण जाम में फंस गए। दोपहर करीब 12 बजे हुए इस घटनाक्रम ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। जाम में फंसने से नाराज डीआईजी ने मौके पर तैनात ट्रैफिक टीआई और सूबेदार को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें वाहन निकालने तक का सही तरीका नहीं पता है।
डीआईजी की इस सख्ती और नाराजगी के तुरंत बाद पूरी पुलिस मशीनरी अलर्ट मोड पर आ गई। दोपहर 1 बजे खुद पुलिस अधीक्षक (SP) शैलेंद्र कुमार चौहान मोर्चा संभालने के लिए मैदान में उतरे और सड़क पर खड़े होकर व्यवस्था दुरुस्त कराई। दरअसल, रिंग रोड बंद होने के कारण प्रयागराज मार्ग का भारी ट्रैफिक जय स्तंभ चौक की ओर डायवर्ट कर दिया गया है, जो इस समस्या की मुख्य वजह बना हुआ है। अब डीआईजी और एसपी की इस सक्रियता के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि शहरवासियों को लंबे समय से मिल रहे ‘जाम के झाम’ से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस कोई ठोस और प्रभावी कार्ययोजना लागू करेगी।




