सीधी: खुले फ्यूज बॉक्स की चपेट में आने से गाय की करंट लगने से मौत, रहवासियों ने बिजली विभाग पर उठाए सवाल

सीधी के पुरानी सीधी क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खुले पड़े विद्युत फ्यूज बॉक्स की चपेट में आने से एक गाय की मौके पर ही करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय रहवासियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने बिजली विभाग की लचर व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 1 बजे पुरानी सीधी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से जुड़ा फ्यूज बॉक्स काफी नीचे और पूरी तरह खुला हुआ था, जिसके संपर्क में आने से यह दुर्घटना घटी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और नगर पालिका प्रशासन को इसकी सूचना दी। रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लोगों और मवेशियों का लगातार आना-जाना लगा रहता है, और बारिश के दिनों में ऐसे खुले विद्युत उपकरण और भी अधिक खतरनाक हो जाते हैं, जिससे किसी बड़े इंसान की जान को भी खतरा हो सकता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका सीएमओ मसूद अजहर ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत बिजली विभाग से संपर्क कर विद्युत सप्लाई बंद कराई गई और मृत गाय को वहां से हटाने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचने के लिए विद्युत सप्लाई बहाल करने के साथ-साथ डीपी (ट्रांसफार्मर) और फ्यूज बॉक्स को सुरक्षित ऊंचाई पर रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *