चित्रकूट में जानलेवा हमला: SGMH रीवा में जिंदगी से जंग लड़ रहा युवक, पीड़िता ने पुलिस पर लगाया ढिलाई का आरोप

Victim of a life-threatening attack accuses police of negligence

चित्रकूट/रीवा। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर प्राणघातक हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरदहा की रहने वाली सुन्ता देवी ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाते हुए अपने बेटे उदय नारायण पर हुए जानलेवा हमले के आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, गत 25 जुलाई को गाँव के ही निवासी गया प्रसाद ने पुरानी रंजिश और विवाद के चलते उनके बेटे उदय नारायण पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने लाठी-डंडों से उदय नारायण के सिर पर ताबड़तोड़ कई प्रहार किए, जिससे उसका सिर बुरी तरह फट गया और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

वारदात के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए मध्य प्रदेश के रीवा स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल (SGMH) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

इस बीच, पीड़िता सुन्ता देवी ने स्थानीय बहिलपुरवा पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि इतने प्राणघातक और नृशंस हमले के बावजूद पुलिस मामले को बेहद हल्के में ले रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने के बजाय साधारण धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर केवल खानापूर्ति की है। पीड़िता ने बहिलपुरवा थाना प्रभारी से निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ संबंधित कड़े कानूनों के तहत त्वरित कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *