Chirag Paswan Blame NDA : बिहार में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। अब केंद्रीय मंत्री और एनडीए के सहयोगी चिराग पासवान ने भी इस मुद्दे पर नाराजगी जताई है।
बिहार के अलग-अलग जिलों से लगातार आपराधिक घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं। इन घटनाओं से महिला सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों पर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही, बिहार की छवि पर भी असर पड़ रहा है।
चिराग ने सरकार का हिस्सा होने पर जताई शर्मिंदगी
मीडिया से बातचीत और एक इंटरव्यू के दौरान चिराग पासवान ने राज्य की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग ने कहा कि बिहार में अपराध की स्थिति देखकर उन्हें सरकार का सहयोगी होने पर शर्म महसूस होती है। उनके मुताबिक, आज प्रदेश में कोई भी नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।
चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी सरकार में शामिल है, इसलिए वे अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकते। उन्होंने कहा, “सरकार का हिस्सा होने के नाते मैं इस सच्चाई से मुंह नहीं मोड़ सकता। मुझे शर्म आती है कि हम ऐसी व्यवस्था के साथ खड़े हैं, जहां इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि इन मामलों को किसी भी हालत में हल्के में नहीं लेना चाहिए।
चिराग पासवान ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और अपराध पर रोक लगाने के लिए सरकार को जल्द और सख्त कदम उठाने चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि ऐसी घटनाओं की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को कड़ी सजा मिले। उनके मुताबिक, लोगों का भरोसा तभी लौटेगा जब कानून सबके लिए समान रूप से लागू होगा और पीड़ितों को समय पर न्याय मिलेगा।
चिराग पासवान के बयान से RJD ने प्रतिक्रिया दी
इस बयान पर राष्ट्रीय जनता दल की प्रवक्ता प्रियंका भारती ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर चिराग का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि बिहार में कोई सुरक्षित नहीं है और बेटियों के साथ हो रही घटनाओं पर उन्हें शर्म महसूस होती है। उन्होंने चिराग से सवाल किया कि वे सत्ता में रहकर सरकार की शिकायत कैसे कर सकते हैं।
यह भी पढ़े : UP Election 2027 : बहू को टिकट देने के सवाल पर भड़के शिवपाल यादव, बोले- ‘कहां से चंडू खाने की खबर लाते हो…’




