Big bust of cyber fraud from residential colony in Rewa: रीवा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत अनंतपुर स्थित शिल्पी उपवन कॉलोनी में पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन साइबर फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 13 युवकों को हिरासत में लिया है। संयुक्त कार्रवाई में गुजरात पुलिस और स्थानीय विश्वविद्यालय थाना पुलिस की टीम शामिल रही। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप और साइबर अपराध से जुड़ी डिजिटल सामग्री बरामद की गई है। सभी संदिग्धों से गहन पूछताछ जारी है।
थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा ने बताया कि गुजरात के एक बुजुर्ग व्यक्ति के बैंक खाते से एपीके फाइल डाउनलोड कराकर ओटीपी हासिल किया गया और करीब सात लाख रुपये की ठगी की गई। इस मामले में जब लोकेशन ट्रेस हुई तो लिंक रीवा से जुड़ा मिला। इसके बाद पिछले सात दिनों से गुजरात और रीवा पुलिस तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। रविवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस ने शिल्पी उपवन कॉलोनी के जे-15 नंबर मकान पर दबिश देकर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने यह मकान अयोध्या प्रसाद द्विवेदी से किराए पर लिया था और अपनी पहचान छिपाने के लिए बाहर निकलने से बचते थे। वे भोजन और अन्य आवश्यक सामान ऑनलाइन मंगवाते थे, जिससे आसपास के लोगों को ज्यादा संदेह न हो। हालांकि कुछ स्थानीय निवासियों ने मकान में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी सुरक्षा एजेंसी को पहले ही दी थी, लेकिन समय पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से कॉलोनी में नाराजगी और भय का माहौल है।
पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय हो सकता है। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के आधार पर मास्टरमाइंड और अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है। जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़कर साइबर ठगी के इस बड़े नेटवर्क का पूरा खुलासा करने में जुटी है।
