Mauganj News : खेत में काम कर रहे किसान पर मधुमक्खियों का हमला, जान बचाने नदी में कूदे, हालत गंभीर

Bees attack farmer in Mauganj

Bees attack farmer in Mauganj : मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के मौलिया गांव में सोमवार सुबह एक भयावह घटना घटी, जब खेत में काम कर रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। जान बचाने के लिए किसान ने पास की नदी में छलांग लगा दी, लेकिन मधुमक्खियों के डंक से उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे हुई। किसान बाल्मीकि गोस्वामी खेत में सरसों और गेहूं की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान आम के पेड़ पर लगा मधुमक्खियों का छत्ता अचानक उन पर टूट पड़ा। सैकड़ों मधुमक्खियों ने उन पर हमला बोल दिया। हमले से घबराकर किसान अपनी जान बचाने के लिए पास बह रही नदी में कूद पड़े। लेकिन इस दौरान उनके शरीर पर मधुमक्खियों के कई डंक लग गए, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए और अचेत होकर नदी में गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल हालत में पड़े किसान को तुरंत निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर तत्काल उपचार शुरू कर दिया है। किसान के बेटे विकेश गोस्वामी ने बताया कि उनके पिता खेत में सामान्य काम कर रहे थे कि अचानक मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा। उन्होंने कहा कि हमले से पिता की हालत काफी गंभीर है और पूरा परिवार चिंतित है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. आरके पाठक ने पुष्टि की कि मधुमक्खियों के हमले से घायल बाल्मीकि गोस्वामी को अस्पताल में भर्ती किया गया है और उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *