मऊगंज। मऊगंज जिले की नईगढ़ी थाना पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ‘प्रहार-02’ अभियान के तहत भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप ज़ब्त की है। इस दौरान तस्कर पुलिस को चकमा देकर कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
आईजी के निर्देश पर चल रहा ‘प्रहार-02’ अभियान
यह कार्रवाई रीवा आईजी के निर्देश पर पूरे विंध्य क्षेत्र में चलाए जा रहे ‘प्रहार-02’ अभियान के तहत की गई है। नईगढ़ी थाना प्रभारी गोविंद तिवारी को मुखबिर से एक सटीक सूचना मिली थी। सूचना थी कि कटरा से मऊगंज की ओर एक ग्रे रंग की टाटा नेक्सॉन कार में अवैध नशीली कफ सिरप तस्करी के लिए लाई जा रही है।
घेराबंदी देख तस्करों ने बढ़ाई कार की रफ्तार
मुखबिर की सूचना पर उप निरीक्षक गोविंद प्रसाद तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल पहिलपार मोड़ के पास चेकिंग लगा दी। इसी दौरान संदिग्ध टाटा नेक्सॉन कार (MP 53 ZG 3065) आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया।
खंभे से टकराई कार, अंधेरे का फायदा उठाकर भागे आरोपी
तेज रफ्तार में भागने के चक्कर में तस्करों की कार सड़क किनारे एक खंभे से जा टकराई। इसके बावजूद आरोपी कार को ग्राम कोट की ओर दौड़ाते रहे। आखिरकार, दहिया नाला के पास रास्ता बंद देख आरोपियों ने कार छोड़ दी। वे रात के अंधेरे का फायदा उठाकर जंगलों की तरफ भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए।
डिग्गी में बोरियों के अंदर छुपा रखा था नशा
पुलिस ने जब लावारिस छूटी कार की तलाशी ली, तो डिग्गी के अंदर दो बोरियां बरामद हुईं। इन बोरियों को खोलने पर उनमें प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की 393 शीशियां मिलीं। ज़ब्त की गई कफ सिरप की कीमत 79,190 रुपये है। पुलिस ने 12 लाख रुपये मूल्य की कार सहित कुल 12.79 लाख रुपये का मशरूका ज़ब्त किया है।
एनडीपीएस और ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज
नईगढ़ी थाना पुलिस ने फरार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 22 और ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब कार के नंबर के आधार पर वाहन मालिक और फरार तस्करों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।




