रीवा : पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, 3 महीने बाद नाले के पास दफन मिला कंकाल

Wife conspired with her lover to murder her husband.

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंदौर के राजा रघुवंशी और पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड की खौफनाक यादें ताजा कर दी हैं। यहाँ सतना जिले के भगदेवरा निवासी 20 वर्षीय विपिन कुमार यादव की उसकी ही पत्नी आंचल और उसके कथित प्रेमी सुनील कुशवाहा ने मिलकर निर्ममता से हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को जमीन में दफना दिया था। पुलिस ने करीब साढ़े तीन महीने बाद आरोपी की निशानदेही पर जमीन खोदकर मृतक का कंकाल बरामद किया है।

ससुराल जाने के बाद से लापता था युवक

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक विपिन यादव गत 27 मार्च से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता चल रहा था। गायब होने के ठीक एक दिन पहले (26 मार्च) वह रीवा के गोविन्दगढ़ क्षेत्र के टीकर गाँव स्थित अपनी ससुराल गया था। जब विपिन का अपने परिवार से संपर्क टूट गया, तो उसके पिता संतु यादव ने काफी खोजबीन की। ससुराल वालों से पूछने पर उन्होंने विपिन के वहाँ आने की बात से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद परेशान पिता ने सतना के रामपुर बघेलान थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और सुनील कुशवाहा नाम के युवक पर शक जताया, जो नौकरी दिलाने के बहाने विपिन को अपने साथ ले गया था।

कॉल डिटेल्स और लास्ट लोकेशन से खुला राज

मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस ने जब विपिन के मोबाइल की लास्ट लोकेशन ट्रेस की, तो वह गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव (ससुराल) में मिली। इसके बाद जब पुलिस ने विपिन की पत्नी आंचल यादव के फोन की कॉल डिटेल्स खंगाली, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आंचल लगातार सुनील कुशवाहा के संपर्क में थी और दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। इसी बीच, गोविंदगढ़ पुलिस ने मारपीट के एक अन्य मामले में फरार चल रहे सुनील कुशवाहा को गिरफ्तार कर रामपुर बघेलान पुलिस को सौंप दिया, जिसके बाद कड़ाई से हुई पूछताछ में आरोपी ने हत्या का सारा सच उगल दिया।

शराब पिलाई, कुएँ में धकेला; फिर सिर पर पत्थर मारकर ली जान

आरोपी सुनील ने पुलिस को बताया कि वह योजना के तहत विपिन को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ लेकर गया था। उसने टीकर गांव के पास स्थित एक कुएँ के किनारे विपिन को शराब पिलाई और फिर गला घोंटकर उसे कुएँ में धक्का दे दिया। सुनील को लगा कि विपिन मर चुका है, लेकिन वह जिंदा था और कुएँ के भीतर एक पत्थर का सहारा लेकर ऊपर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। यह देखकर सुनील ने ऊपर से एक बड़ा पत्थर विपिन के सिर पर दे मारा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में लाश के कुएँ के ऊपर तैरने और पकड़े जाने के डर से सुनील ने शव को बाहर निकाला और पास ही स्थित एक नाले के किनारे गड्ढा खोदकर उसे दफना दिया।

साढ़े तीन महीने बाद कंकाल बरामद, जांच जारी

आरोपी सुनील की निशानदेही पर पुलिस की टीम ने 9 जुलाई को टीकर गांव से महज 300 मीटर दूर नाले के पास खुदाई करवाई। जमीन के भीतर से विपिन का साढ़े तीन महीने पुराना कंकाल बरामद हुआ, जिसे पोटली में भरकर पोस्टमार्टम के लिए रीवा के संजय गाँधी अस्पताल भेजा गया है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि महज एक साल पहले ब्याही आंचल ने ही शादी के बाद से विपिन को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। उसने खुद अपने प्रेमी सुनील की दोस्ती विपिन से कराई थी ताकि वह उसका भरोसा जीत सके और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे सके। फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *